
मंडल मुख्यालय पर ही बनेगा विश्वविद्यालय, अफवाह से दूर रहे जनता :अनिल राजभर
प्रभारी मंत्री ने बलरामपुर सपा के पूर्व विधायक एसपी यादव पर लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप
अमृत विचार, गोंडा। विश्वविद्यालय निर्माण को लेकर छिड़े विवाद के बीच मंगलवार को प्रदेोल के कैबिनेट व जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने साफ कर दिया कि विश्वविद्यालय का निर्माण मंडल मुख्यालय पर ही कराया जायेगा। विश्वविद्यालय निर्माण के लिए जिला प्रशासन जमीन चिन्हित करने में जुटा है। कैबिनेट मंत्री ने बलरामपुर के सपा विधायक डा. एसपी यादव पर विश्वविद्यालय के मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता को अफवाहों से दूर रहना चाहिए।
परसपुर ब्लाक के डोमाकल्पी गांव में बनने जा रहे मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर गोंडा व बलरामपुर जिले में रार छिड़ी हुई है। मंडल मुख्यालय पर इसकी स्वीकृति मिलने के बाद अब बलरामपुर जिले के कुछ लोग जनप्रतिनिधि इसे अपने जिले में स्थानांतरित करने की मांग कर रहे हैं। दोनो जिलों के युवा भी इस मुद्दे पर एक दूसरे के सामने हैं। बलरामपुर जिले के सपा के पूर्व विधायक डा एसपी यादव ने विश्वविद्यालय को गोंडा से बलरामपुर स्थानांतरित करने की मांग को हवा देकर इसे तूल दे दिया है। सपा नेता की इस मांग में जिले का विकास कम उनका राजनैतिक फायदा अधिक नजर जा रहा है। सपा नेता की मांग के बाद बलरामपुर जिले के भाजपा नेता भी इस मुद्दे पर एसपी यादव के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इस रार से विश्वविद्यालय निर्माण पर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मंगलवार को प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री तथा जिले के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के सामने भी प्रमुखता से उठा। जिले के करनैलगंज विधायक अजय सिंह, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह व विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह मंजू सिंह ने प्रभारी मंत्री को जन भावनाओं से अवगत कराया। विश्वविद्यालय निर्माण के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सपा को पूर्व विधायक जनता को गुमराह कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार यह पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह क्षेत्र, धर्म या महजब के आधार पर भेदभाव नहीं करती। मंडल मुख्यालय पर जिला प्रशासन की तरफ से जमीन चिन्हित की जा रही है। जो अफवाह फैलाई जा रही है उससे जनता को दूर रहना चाहिए। जन प्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे से अवगत कराया है। विश्वविद्यालय मंडल मुख्यालय पर ही बनेगा। प्रभारी मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे पर वह मुख्यमंत्री को भी जन भावनाओं से अवगत करायेंगे।
स्वीकृति के साथ ही मिल चुका है 50 करोड़ का बजट
प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021 में मंडल मुख्यालय पर विश्वविद्यालय के निर्माण की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा के बाद मॉडल मुख्यालय पर जमीन की तलाश शुरू हुई। जिला प्रशासन ने परसपुर ब्लाक के डोमाकल्पी गांव में खाली पड़ी 58.13 एकड़ सरकारी जमीन को चिन्हित भी कर लिया है। सरकार मां पाटेश्वरी देवी के नाम से इस विश्वविद्यालय का नामकरण कर इसके लिये 50 करोड़ रुपये के बजट का भी आवंटन कर चुकी है। पिछले सप्ताह जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी ने भी विश्वविद्यालय निर्माण की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज: दोबारा साबरमती जेल शिफ्ट होगा अतीक, नैनी जेल से कुछ देर में प्रिजन वैन होगी रवाना
Comment List