बरेली: सपा जिलाध्यक्ष ने चालक के साथ की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली, अमृत विचार। कैंट क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने मीरगंज विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष समेत चार लोगों के साथ नशे में अपने चालक के साथ मारपीट की। जब चालक ने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कार से धक्का दे दिया। पुलिस ने चालक की शिकायत पर सपा जिलाध्यक्ष समेत दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

गांव-पोस्ट गन्डाह थाना दातागंज निवासी दिनेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले छह माह से कांधरपुर निकट दूरदर्शन केंद्र निवासी सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप के यहां चालक है। आरोप है कि बुधवार की देर रात शिवचरण कश्यप, सपा मीरगंज विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सपा सुरेश गंगवार, सुरेश के बेटे और एक अन्य के साथ बीसलपुर चौराहा स्थित सपा महापौर प्रत्याशी संजीव सक्सेना के होटल पर जा रहे थे। चारों लोग शराब के नशे में धुत थे। आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने कैंट क्षेत्र के एक निजी स्कूल के पास 11 बजे के करीब कार रोकने को कहा। कार रोकते ही चारों लोगों ने उसे बेसबॉल के डंडे से पीटना शुरू कर दिया। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने चारों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

दिनेश सिंह की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। सभी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-राहुल भाटी, एसपी सिटी

चालक दिनेश शराब पीकर कार चला रहा था। साथ ही पार्टी से जिसे टिकट मिलता था उससे जाकर मिठाई मांगता था। नौकरी से हटाने के बाद झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई है। लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से निराधार हैं।- शिवचरण कश्यप, जिला अध्यक्ष सपा

ये भी पढे़ं- बरेली: पीलीभीत के कोरोना संक्रमित की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

 

संबंधित समाचार