बहराइच : मायके जा रही विवाहिता चलारीघाट से घाघरा नदी में कूदी, तलाश में जुटे गोताखोर

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

राजीचौराहा/ बहराइच, अमृत विचार। ससुराल से अपने मायके जा रही विवाहिता ने बहराइच सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारी घाट पुल से घाघरा नदी में छलांग लगा दी। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विवाहिता का पता नहीं चल सका है।

सीतापुर जनपद के मदेवा गांव निवासी आंचल देवी पत्नी रवि दीक्षित गुरुवार को अपने मायके जा रही थी। महिला का मायका हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम मुंसारी टिकुरी गांव में है। बहराइच सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारीघाट पुल पर महिला अपने पति के साथ पहुंची। तभी उसने सिर में दर्द होने की बात कही। कुछ दूर जाकर महिला ने पुल से घाघरा नदी में छलांग लगा दी। पति ने घटना की जानकारी हरदी पुलिस को दी। 

प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला ने नदी में छलांग लगाई है उसका विवाह 27 जून 2022 को रवि के साथ हुआ था। महिला की तलाश गोताखोरों द्वारा की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि मायके के लोगों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज : युवक का कार्ड बदलकर खाते से निकाले 25 हजार, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार