रुद्रपुर: पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने फंदा लगाकर जान दी
मृतक पर चल रहा था पॉक्सो का मुकदमा
परिजनों ने लगाया आत्महत्या करने का दबाव बनाने का आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप इलाके के रहने वाले एक युवक ने पारिवारिक कलह के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। बताया जा रहा है कि नाबालिग युवती को भगाने के आरोप में उस पर पॉक्सो का मुकदमा चल रहा था और सोमवार की देर सायं इसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया।
वहीं मृतक के परिजनों का आरोप था कि विवाहिता के मायके वालों की धमकी से घबराकर उसने आत्महत्या का कदम उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूलरुप से सिकोरिया शेरगढ़ बरेली निवासी शेर सिंह (22) अपनी पत्नी के साथ फुलसुंगा मार्ग स्थित जनपथ कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने भागकर शादी की थी। जिसके चलते लड़की के पिता ने युवक पर नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर भगाने के मामले में पॉक्सो में मुकदमा पंजीकृत करवाया था और सोमवार को उसी प्रकरण में तारीख से लौटने के बाद उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था।
सोमवार की देर सायं विवाद होने के बाद शेर सिंह की पत्नी रिश्तेदार के घर चली गई और आवेश में आकर युवक ने खिड़की में चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ घंटों बाद जब युवक की पत्नी वापस लौटी तो युवक फांसी पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मौका मुआयना किया और घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर मृतक के मामा शिव सिंह का आरोप था कि जिस युवती से उसके भांजे ने शादी की थी। उसी के पिता द्वारा बार-बार उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थी। सोमवार को भी कोर्ट में तारीख के दौरान भी मायके वालों ने धमकी दी थी। जिसके बाद से ही युवक मानसिक अवसाद से गुजर रहा था।
आरोप था कि लड़की के मायके वालों की धमकी से घबराकर उसने खुदकुशी का कदम उठाया। थाना प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपों की तफ्तीश करेगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
