रायबरेली : कोहरे से जिले में पूरे दिन नहीं निकली धूप, अब पाला पड़ने की बढ़ी संभावना
रायबरेली, अमृत विचार। गुरुवार को सर्दी का तल्ख रूप सामने आया। सुबह से कोहरा पड़ना शुरू हुआ जो बदस्तूर जारी रहा। सुबह हाल यह रहा कि दृश्यता शून्य रही। वहीं कोहरा के साथ बूंदे गिरने से खेती को नुकसान होने की आशंका है। मौसम विभाग ने पाला पड़ने की संभावना जताई है।
गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। सुबह जब लोग उठे तो चारों तरफ कोहरे के सफेद चादर दिखाई दी। हाल यह रहा कि सुबह 6 बजे से लेकर 8 बजे तक दृश्यता शून्य रही। इसके बाद इसमें बढ़ोत्तरी हुई लेकिन पूरे दिन दृश्यता 10 मीटर रही। पूरे दिन धूप नहीं निकली जिसके चलते गलन अधिक रही। सड़कों पर अन्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही। लोग घरों में ही रहे। कार्यालयों का हाल यह है कि काम से अधिक कर्मचारी अलाव की तपिश तो ढूंढने और उसका इंतजाम करने में लगे रहे। घना कोहरा होने से वाहन चालकों को वाहन बहुत सावधानी से चलाना पड़ा। इसे लेकर यातायात पुलिस ने भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वाहन चालकों को फॉग लाइट के साथ इंडीकेटर ऑन कर चलने को कहा गया है। सर्दी और कोहरा होने के कारण पार्कों में सन्नाटा पसरा रहा। बच्चे भी घर से बाहर नहीं निकले। लोग घरों में सर्दी से बचने के लिए रूम हीटर के सामने बैठने को मजबूर हुए। इस वर्ष गुरुवार को पहला दिन रहा जब सर्दी अधिक रही और पूरे दिन कोहरा छाया रहा।
कोहरा तो बढ़ा पर तापमान औसत से रहा अधिक
गुरुवार को कोहरा बहुत घना रहा लेकिन तापमान औसत से अधिक रहा। यह स्थिति फसल और स्वास्थ्य के लिहाज से अनुकूल नहीं मानी जा रही है। अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री रहा जो 24 घंटे की तुलना में 4 डिग्री कम रहा लेकिन औसत तापमान के लिहाज से यह 3 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा जो हर कारक से 4 डिग्री अधिक रहा। सीएमओ डॉ. महेंद्र मौर्या का कहना है कि तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव से बीमारी अधिक पनपती है। वहीं कोहरा पड़ रहा है जो छोटे बच्चों को लिए बहुत हानिकारक है। छोटे बच्चों को कोहरा के दौरान बाहर लेकर न जाया जाए। इस तरह के मौसम में सर्दी, जुकाम की संभावना अधिक रहती है। साथ ही सांस लेने में दिक्कत की समस्या आती है। हृदय रोगियों का खास ख्याल रखना चाहिए।
कोहरे का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कोहरा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ अजय मिश्रा के मुताबिक 31 दिसंबर तक कोहरा के घना होने की संभावना है। साथ ही तापमान में भी गिरावट आ सकती है लेकिन इसके साथ ही पाला पड़ने की भी संभावना है।
ये भी पढ़ें -VVIP जिला रायबरेली मुख्यमंत्री के विकास कार्यों में फिसड्डी, पढ़िए ये विशेष खबर
