कानपुर की चर्चित महिला कांग्रेस नेता पहुंची रेलबाजार थाने: SO से बोली- पति करना प्रताड़ित, जेठ की रहती गंदी नजर, FIR दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। शहर की चर्चित महिला कांग्रेसी नेता ने दहेज उत्पीड़न और छेड़छाड़ को लेकर अपने पति समेत अन्य ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रेलबाजार निवासी महिला कांग्रेसी नेता के अनुसार उनकी शादी जौनपुर के युवक से 26 फरवरी 2019 को हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद से अतिरक्त दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद आरोपी ससुरालीजन और ज्यादा उत्पीड़न करने लगे। साथ ही बेटी पैदा करने का ताना देने लगे। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने एक विधानसभा क्षेत्र का चुनाव भी लड़ा था। लेकिन चुनाव हारने के बाद भी ससुरालीजन दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे।
पीड़िता ने बताया कि उनका जेठ नशे का लती है। पहली शादी में ज्यादा दहेज लेकर पत्नी को तलाक दे दिया। फिर दूसरी शादी में भी दहेज लिया। इसके बाद भी ससुरालीजन जेठ की दूसरी पत्नी से दहेज की मांगकी उन्हें भी प्रताड़ित करते हैं। आरोप है कि जेठ पीड़िता को कमरे में अकेला पाकर छेड़खानी करता था। जिसकी शिकायत उन्होंने अपने पति से की तो उल्टा पति ने उन्हें ही मारपीट की।
वहीं जनवरी 2024 में पति, सास और ससुर समेत जेठ ने दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर मारने का भी प्रयास किया। आरोपियों ने उन्हें पीटकर घर से निकाल दिया। इस संबंध में रेलबाजार थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर पर दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
