बहन ने कहा, मरने से पहले हमें मार डालना : भाई का खौफनाक कुबूलनामा, बीमारी से परेशान बहन का दर्द देखकर पहले काटा, फिर करंट से ली जान
कानपुर, अमृत विचार। गोविंदनगर में वृद्धा द्रोपदी आनंद की हत्या का शनिवार को खुलासा हुआ। भाई भगवान दास ने ही बहन की हत्या की थी। हैलट में भर्ती भगवान दास ने होश में आने पुलिस को बताया कि बीमारी से परेशान बहन का दर्द देखकर उसे मार डाला। बहन के साथ खुद की बीमारी से टूट गया था। दवाओं का खर्च उठाना मुश्किल पड़ रहा था। द्रोपदी को मारकर खुद आत्महत्या करने गोविंदपुरी स्टेशन गया था, लेकिन घबराहट में बेहोश हो गया। उसने खुद कहा था, मरने से पहले हमें मार डालना। वहीं रविवार को द्रोपदी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से सिर की हड्डियां टूटने व कोमा में जाने से मौत की पुष्टि हुई है। चेहरे पर भी वार के निशान मिले हैं। पैर के अंगूठों में करंट लगाने की पुष्टि हुई।
गोविंदनगर के ए-ब्लाक निवासी वृद्धा द्रोपदी आनंद अपने अविवाहित छोटे भाई 60 वर्षीय भगवान दास के साथ रहती थीं। भगवान दास दादानगर स्थित बिस्कुट फैक्ट्री में नौकरी करता है। शनिवार सुबह उनके घर कच्ची बस्ती निवासी प्रेमा पहुंची तब हत्या की जानकारी हुई थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद स्टेशन पर बेहोश मिले द्रोपदी के भाई को हैलट में भर्ती कराया था। द्रोपदी के दोनों पैर रस्सी से बंधे थे, दोनों अंगूठों पर तार बंधा था, जो स्विच साकेट में लगा था। बेड के नीचे बांका मिला था। होश में आने पर भगवान दास ने पुलिस को बताया कि बीमारी के कारण 10 दिन गोविंदनगर के एक अस्पताल में बहन भर्ती रही थीं।
पांच-छह दिन पहले ही घर लाया था। बहन की बीमारी में जमापूंजी खर्च हो चुकी थी। दवा के लिए रुपये नहीं बचे थे। जिससे अवसाद में रहने लगा था। जान देने की सोंच रहा था। शुक्रवार को बहन के कुछ कहने पर चिढ़चिढ़ा उठा और कह दिया कि अब बीमारियों को खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। मर जाना चाहता हूं। इस पर बहन बोली, अगर मरना तो पहले उसे मार देना। कोई ख्याल रखने वाला नहीं है। यहीं कारण है पहले उसे मारा और फिर आत्महत्या करने स्टेशन पहुंचा था।
सोते समय बांका मारा, फिर करंट लगाया
भगवान दास ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात बहन जब गहरी नींद में थी, उस पर बांके से तीन वार किया। दो वार सिर पर एक चेहरे पर लगा। शनिवार सुबह उठा तो लगा कि उसकी सांसें चल रही हैं। इस पर तार लपेटकर करंट लगाया और मरने के लिए निकल गया।
गुजरात से आए बड़े भाई ने दी मुखाग्नि
पुलिस से बहन की हत्या की सूचना पाकर रविवार दोपहर द्रोपदी का भाई पुरुषोत्तम दास गुजरात के बड़ौदा से आया। पुरुषोत्तम सीधा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें शव सुपुर्द किया। वह बहन का शव लेकर घर पहुंचे और फिर बर्रा स्थित स्वर्गाश्रम में बहन को मुखाग्नि दी।
ये भी पढ़े : कानपुर : ई-रिक्शा चढ़ाकर कुत्ता मारा, फिर रस्सी से बांधकर घसीटा
