लखनऊ: बुद्धेश्वर मंदिर के सीता सरोवर में डाला जहर, कई क्विंटल मछलियां मरी, लोगों ने किया हंगामा
काकोरी/लखनऊ, अमृत विचार। बुद्धेश्वर मंदिर के सीता सरोवर तालाब में किसी ने जहरीला पदार्थ डाल दिया। जिससे कई क्विंटल मछलियां मर गईं। तालाब से निकालकर बाहर डाली गईं मछलियां खाने से एक कुत्ता भी मर गया। तालाब के पास से जहर की तीन खाली शीशियां मिली है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया। बुद्धेश्वर विकास महासभा के अध्यक्ष की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार शाम को तालाब में अचानक मछलियां मरने लगीं। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस और नगर निगम को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नगर निगम की टीम नहीं आई। रात में ही लोगों ने तालाब से मरी हुईं मछलियों को बाहर निकालकर किनारे रख दिया। बुधवार सुबह उन मछलियों को खाने से मंदिर परिसर के पास टहलने वाला एक कुत्ता भी मर गया। इसके बाद मछलियों को गड्डा खोदकर मिट्टी के नीचे दबाया गया।
लोगों ने तालाब में बची हुईं मछलियों को बाहर निकाला। जीवित मछलियों को पानी से भरे ड्रम में रख दिया। घंटों बाद पहुंची नगर निगम टीम ने जीवित मछलियों को दूसरे तालाब में शिफ्ट करने की बात कही। इस पर लोग भड़क गए। नाराज लोगों ने हंगामा शुरु कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर आक्रोशित लोगाें को शांत कराया। स्थानीय लोगों की मांग है कि तालाब का पानी साफ करके मछलियों को यहीं पर रखा जाए।
पुलिस ने जांच के लिए तालाब के पास मिली तीन शीशियों को कब्जे में लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया है। बुद्धेश्वर विकाय महासभा के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने पारा कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।
सीसी कैमरे लगवाने व सुरक्षा की मांग
पार्षद धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि बुद्धेश्वर मंदिर से लोगों की आस्था जुड़ी है। यहां दो से ढाई बीघे में तालाब बना है। इसमें मछलियां पाली गई हैं। लोग उन्हें चारा डालते हैं। सावन माह के हर बुधवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं हैं। 15-15 दिनों तक यहां सफाई होती है। नशेड़ियों का जमावाड़ा रहता है। प्रशासन को यहां सुरक्षा और सफाई-व्यवस्था सही कराना चाहिए। मंदिर के तालाब में जहर डाला बेहद शर्मनाक घटना घटित हुई है।
फाउंडेशन अध्यक्ष ने जताई नाराजगी
फेयरी टेल्स फाउंडेशन की अध्यक्ष नेहा ने इस घटना को बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कोई व्यक्ति रात के अंधेरे में तालाब में जहर डाल जाता है और किसी को भनक तक नहीं लगती। यह लापरवाही नहीं तो और क्या है? उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:-Diabetes: मधुमेह के मरीजों के लिए और आरामदायक बनेंगे इनसोल, केजीएमयू में हुई शुरुआत
