पौधरोपण से 9 हजार श्रमिकों को मिला रोजगार, 600 बड़े स्थलों की देखरेख के लिए लगाए जाएंगे श्रमिक
लखनऊ, अमृत विचार : बारिश में एक तरफ मनरेगा के कच्चे-पक्के काम ठप हो गए तो वहीं खाली बैठे श्रमिकों को पौधरोपण अभियान ने रोजगार दिया है। जिले में ग्राम्य विकास विभाग ने करीब 9 हजार श्रमिकों की सहायता से 12.39 लाख पौधे लगाकर अभियान सफल बनाया है।
पौधरोपण अभियान के लिए जून से गड्ढे खोदने का काम श्रमिकों ने किया था। इसके बाद 9 जुलाई को वृहद स्तर पर पौधे लगाए गए। इस अभियान में 9 हजार श्रमिकों के माध्यम से 60 हजार मानव दिवस सृजित हुए हैं। कुल बड़े-छोटे 1486 स्थलों पर पौधरोपण किया गया। इनमें 600 बड़े स्थल जैसे ग्राम वन, मियावाकी पद्धति के स्थल शामिल हैं। जबकि 300 स्थल किसानों के निजी है। आगे के क्रम में बड़े 600 स्थलों की देखरेख की जिम्मेदारी श्रमिकों को दी जाएगी। इस कार्य में एक-एक श्रमिक लगाए जाएंगे। जो पौधों की देखरेख, निराई, गुड़ाई व सिंचाई आदि के साथ सुरक्षा करेंगे। सुरक्षा खाई व फेंसिंग आदि भी श्रमिकों के माध्यम से कराई जाएगी। यह नियमित चलेगा। इससे श्रमिकों को रोजगार मिलेगा और पौधों की देखभाल होती रहेगी।
833 स्थलों पर लगे 8.12 लाख पौधे जियो टैग
उपायुक्त रोजगार श्रम सुशील कुमार सिंह ने बताया कि अभियान सफल होने के बाद पौधों की जियो टैगिंग करा रहे हैं। सोमवार शाम तक 833 स्थलों पर लगे 8,12,189 (60 फीसदी) पौधों की हरितमा एप पर जियो टैगिंग की जा चुकी है। शेष टैगिंग भी एक सप्ताह में पूर्ण हो जाएगी। इसके बाद सुरक्षा खाई, पौधों की वॉचिंग आदि कार्य भी कराएंगे। इससे श्रमिकों को बराबर रोजगार मिलेगा।
यह भी पढ़ेः रेलवे के पांच इंजीनियर समेत नौ पर CBI ने दर्ज की रिपोर्ट, 3 करोड़ के बिल पास करने के लिए मांगी थी रिश्वत
