अष्टमी के दिन हुआ 5 लाख से अधिक बेटियों का कन्या पूजन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से जुड़ी 1,500 से अधिक बालिकाएं

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। नवरात्र के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान ने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को एक नई ऊंचाई प्रदान की हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के आह्वान पर प्रदेश में 30 सितंबर व 1 अक्टूबर को अष्टमी-नवमी तिथियों पर कन्या पूजन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अष्टमी के दिन 5 लाख से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। इन आयोजनों में 1,500 से अधिक बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से जोड़ा भी गया है।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत बालिकाओं का कन्या पूजन धार्मिक परंपरा का निर्वहन भर ही नहीं रह गया है, बल्कि समाज में कन्या जन्म को उत्सव के रूप में स्थापित करने वाली सामाजिक क्रांति का प्रतीक भी बना है। बीते 20 सितंबर को शुरु हुए मिशन शक्ति 5.0, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का व्यापक अभियान बन गया है। कन्या पूजन के माध्यम से योगी सरकार ने समाज को गहरा संदेश भी दिया, जिसके तहत बेटियों को परिवार और समाज की आधारशिला के रूप में बताया गया है। विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में महिला कल्याण बेबी रानी मोर्या, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ये कार्यक्रम आयोजित हुए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने कहा कि कन्या पूजन केवल अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को संदेश है कि बेटियां हमारी शक्ति और भविष्य की धरोहर हैं। मिशन शक्ति हर कन्या को सुरक्षित-सशक्त बनाने का संकल्प है। वहीं महिला कल्याण निदेशक संदीप कौर ने कहा कि यह समारोह कन्याओं के प्रति सकारात्मक सोच का विस्तार करेगा।

कन्या सुमंगला योजना के फॉर्म भरवाए गए

अष्टमी के दिन विभिन्न विभागों और संस्थाओं के माध्यम से पूरे प्रदेश में 5 लाख से अधिक कन्याओं का सम्मानजनक पूजन किया गया। इन आयोजनों का मूल उद्देश्य कन्या जन्म को बोझ न मानकर आशीर्वाद के रूप में देखने को प्रेरित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोकगीतों और संवाद सत्रों के जरिए बालिकाओं को शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया।

आत्मरक्षा से आत्मनिर्भरता की राह पर ज्योति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहा मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा दे रहा है। इसी अभियान की प्रेरणादायी कहानी है वाराणसी की ज्योति सिंह, जिन्होंने मार्शल आर्ट्स के जरिये अब तक एक लाख से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है। ज्योति ने 2012 में ब्लैक बेल्ट हासिल करने के बाद प्रशिक्षण शुरू किया और 2020 में मिशन शक्ति के पहले चरण में उन्हें बड़ा मंच मिला। आज वे थर्ड डिग्री ब्लैक बेल्ट धारक और ‘मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स’ की संचालक हैं। उनका कहना है कि मिशन शक्ति ने महिलाओं में आत्मविश्वास जगाया है और सेल्फ डिफेन्स अब उनके लिए जीवन की कुंजी बन गया है।

51 कन्याओं का अयोध्या में हुआ पूजन

शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तुलसीनगर में मातृ भारती के तत्वावधान में 51 कन्याओं का पूजन कार्यक्रम हुआ। शुभारंभ प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ल ने किया। कन्याओं के पैर धोकर रोली का टीका करके, चुनरी भेंट कर, फलाहार का प्रसाद ग्रहण कराकर दक्षिणा सहित सम्मान पूर्वक विदा किया। संचालन आचार्या उर्मिला शुक्ला ने किया। इस मौके पर आचार्य लल्ला सिंह, रामजी मिश्रा, मुकेश तिवारी, उर्मिला शुक्ला, विभा तिवारी आदि मौजूद रहीं।

ये भी पढ़े : 

सिद्धपीठ मां बाराही देवी मंदिर: आस्था, एकता और चमत्कारों का केंद्र, नीम का पेड़ और चुनरी की अनोखी परंपरा

 

संबंधित समाचार