Bareilly: मेरठ की मुस्कान की तरह बरेली की इन कातिल पत्नियों की करतूत कर देगी रुह फनाह !

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पांच साल में अब तक पत्नियों के कारण सात पति गवां चुके हैं जान

ओमेंद्र सिंह, बरेली। मेरठ में पति की हत्या करने वाली मुस्कान की तरह बरेली में भी अवैध संबंधों में कई महिलाएं शादी के अटूट रिश्ते को भूलकर अपने पतियों की कातिल बन बैठीं। जिले में पांच साल में सात महिलाओं के पतियों की हत्या कराने के मामले सामने आए हैं। इनमें दो मामलों में दोषी महिलाएं और उनके प्रेमी आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।

केस- 1
सुपारी किलर से करा दिया शिक्षक पति का कत्ल
इज्जतनगर में इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अवधेश सिंह का कत्ल उनकी पत्नी विनीता ने पांच लाख रुपये की सुपारी देकर करा दिया था। 12 अक्टूबर 2020 को हत्या के बाद शव को बरेली से ले जाकर फिरोजाबाद में तेजाब से जलाने के बाद मिट्टी में दबा दिया गया था। पुलिस ने केस का खुलासा करने के बाद विनीता, उसके भाई प्रदीप, बहन ज्योति, पिता अनिल कुमार सिंह और सुपारी किलर भूरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

केस - 2
17 वर्ष छोटी पत्नी को पसंद नहीं आए संजय कुमार
बिहारीपुर मेमरान में रहने वाले संजय कुमार गुप्ता की हत्या उनकी पत्नी ज्योति ने 2 जून 2022 को अपने प्रेमी अब्बास से करा दी थी। ज्योति की उम्र 23 वर्ष और संजय की उम्र 40 वर्ष थी। इसकी वजह से उसने अब्बास से संबंध बनाए थे। संजय के मकान का निर्माण शुरू हुआ और वह सुभाषनगर में किराए के मकान में रहने लगे थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी।

केस - 3
घर पर हत्या करके पति को ले गई अस्पताल
इज्जतनगर के आकांक्षा एन्क्लेव निवासी जोया अख्तर ने अपने पति जीशान अख्तर की हत्या 2 अगस्त 2022 को 50 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए वह जीशान को खुद जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। जीशान की बहन डॉ. उजमा खान को शक हुआ तो शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परतें खुल गई। जोया, उसका प्रेमी और भाड़े के हत्यारे को पुलिस ने जेल भेजा था।

केस- 4
शादी के 15 दिन बाद ही खून से रंगे हाथ
जोगीनवादा निवासी चांदनी की शादी सोनू सागर से हुई थी। शादी से 15 दिन बाद 25 नवंबर 2022 को सोनू का अचानक अपहरण हो गया। परिजनों ने चांदनी, उसके प्रेमी अरविंद पर हत्या का शक जताते हुए थाना बारादरी में शिकायती पत्र दिया। इसके बाद पुलिस ने फतेहगंज पश्चिमी के पास एक नदी से सोनू का शव बरामद किया और चांदनी, अरविंद समेत दो अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सभी आरोपी अभी जेल में हैं।

केस - 5
प्रेमी से कराई पत्नी की हत्या, आजीवन कारावास की सजा
कैंट के गांव कांधरपुर निवासी रोहित का शव परगवां गांव के नजदीक 7 जनवरी 2023 को सुबह पड़ा मिला था। रोहित की गला काटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने शक के आधार पर पत्नी आरती से पूछताछ की तो पता चला था कि आरती की दो महीने पहले अनुज पटेल नाम के युवक से फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी। प्रेम संबंध में बाधा बनने पर आरती के कहने पर अनुज ने रोहित की हत्या कर दी थी। इस मामले में पत्नी और प्रेमी को आजीवन कारावास की सजा भी हुई है।

केस -6
18 हजार रुपये के लिए पति को मारी गोली
थाना बारादरी क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूनम कुमारी ने 7 मार्च 2024 को 18 हजार रुपये के लिए पति नरेंद्र कुमार गंगवार के सीने में तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। नरेंद्र के पिता की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने पूनम और उसके बहनोई ओमप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। नरेंद्र के पिता ने पूनम पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

केस- 7
प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, आजीवन कारावास
मीरगंज क्षेत्र के गांव धंतिया निवासी ओमकार की पत्नी भूरी के अपने ममेरे देवर चरन सिंह से प्रेम संबंध हो गए। 8 फरवरी 2021 को ओमकार भूरी को लेकर दवा दिलाने जा रहा था, रास्ते में मिले चरन सिंह ने भूरी की मदद से ओमकार की हत्या कर दी थी। इस प्रकरण में 2 अगस्त 2024 को कोर्ट ने भूरी और चरन सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

केस - 8
पति करता था शक तो पत्नी ने करा दी हत्या
इज्जतनगर क्षेत्र के सकलैन नगर निवासी आरिफ कुरैशी की हत्या 19 जनवरी 2022 को उसके साले ने कर दी थी। आरिफ अपनी पत्नी पर शक करता था और इससे उसकी पत्नी भी नाराज रहती थी। आरिफ की साले ने गले में चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इसमें उसकी पत्नी की भी साजिश थी।

पर्सनालिटी डिस आर्डर का शिकार हो जाती हैं महिलाएं
बरेली कॉलेज की मनोवैज्ञानिक डॉ. सुविधा शर्मा के मुताबिक कई महिलाएं पर्सनालिटी डिसआर्डर का शिकार हो जाती हैं। इस तरह की महिलाओं से कोई व्यक्ति यदि भावनात्मक रूप से जुड़ता है तो वे उसे अपना खास संबंधी मान लेती हैं और जो उनके सबसे करीब होता है उसे दुश्मन मान लेती हैं। इस तरह की महिलाएं खुद और दूसरों के लिए आत्मघाती बन जाती हैं। जो महिलाएं नौकरी करतीं वे भी कभी-कभी पति की वैल्यू कम समझने लगती हैं और अन्य लोगों से संपर्क कर लेती हैं और राह भटक जाती हैं। इसलिए इस तरह का कदम उठाती हैं।

कैसे बचे ?
डॉ. सुविधा शर्मा ने बताया कि यदि किसी महिला या पुरुष के मन में इस तरह के विचार आते हैं, तो वे तुरंत अपने खास लोगों से इसकी चर्चा करें। बताएं कि उनके मन में इस तरह के विचार क्यों आ रहे हैं। अकेले न रहें। मनोरोग विशेषज्ञ की सलाह लें और स्वयं को व्यस्त रखें। दूसरे के आकर्षण पर ध्यान न दें और अपने विवेक का इस्तेमाल करें। जिससे उनका परिवार बर्बाद होने से बच सकता है।

ये भी पढ़ें - Bareilly: सहकारी बैंकों से कर्ज लेने वाले किसान परेशान...23 हजार हैं 55.83 करोड़ के बकायादार

संबंधित समाचार