मछली पकड़ने के लिए गोमती नदी में गए मछुआरे की डूबने से हुई मौत, तलाश में जुटी SDRF 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: ठाकुरगंज के कैटल कॉलोनी के पास गोमती नदी में रविवार शाम को नहाने गया मछुआरा सनोज कश्यप (50) डूब गया। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाश शुरू किया। सोमवार सुबह ठाकुरगंज पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने गोमती नदी में जाल डालकर तलाश शुरू की। लेकिन देर शाम तक सनोज का सुराग नहीं मिला।

ठाकुरगंज बरीकला गांव निवासी मुन्ना कश्यप ने बताया कि घर के पास ही उनके साले सनोज कश्यप, पत्नी सुनीता, बेटे जितेंद्र , धर्मेंद्र, विकास के साथ रहकर मजदूरी और मछली पकड़ने का काम करते हैं। मुन्ना ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे सनोज मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था। उसने छोटे बेटे विकास से कुछ देर बाद कैटल कॉलोनी बंधे के पास आकर छोटी मछलियां ले जाने की बात कही थी। 

दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे विकास कैटल कॉलोनी गोमती नदी किनारे पहुंच गया। सनोज के कहने पर विकास से नदी में पड़ा जाल खींचकर किनारे कर दिया। सनोज नदी में नहाने लगा। इस पर विकास घर चला गया। शाम चार बजे तक सनोज के घर न पहुंचने विकास फुफेरे भाई शुभम व एक अन्य साथी के साथ नदी किनारे पहुंच गया। वहां लोगों से पूछताछ करने के लगे, लेकिन सनोज का पता नहीं लगा। 

इस पर विकास ने घर लौटकर परिवार वालों को जानकारी दी। परिवार के लोगों ने भी गोमती नदी में सनोज को ढूंढने का प्रयास किया। न मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के मुताबिक सोमवार सुबह 10 बजे ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की सूचना पर करीब 11 बजे एसडीआरफ की टीम ने पहुंचकर मछुआरे को ढूंढने का प्रयास शुरू किया। नदी में जाल डालकर एडीआरएफ की टीम देर शाम तक सनोज को ढूंढती रही, लेकिन उसका पता नहीं लगा।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

पीड़ित मुन्ना ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना रविवार शाम आम्रपाली चौकी में मौजूद पुलिस कर्मियों को दी थी। पीड़ित के मुताबिक चौकी पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें ठाकुरगंज थाने भेज दिया। थाने में मिले पुलिस कर्मियों ने अंधेरा और बारिश होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। परिवारीजनों का कहना है कि पुलिस समय पर एक्टिव हो जाती तो सनोज को घटना स्थल से ही ढूंढ निकाला जा सकता था।

ये भी पढ़े : गुजरात के भावनगर से होगा लखनऊ भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस ट्रेन का साप्ताहिक संचालन, जानिए रूट और इनका टाइम टेबल

 

संबंधित समाचार