बरेली: कुतुबखाना ओवरब्रिज की राह नहीं आसान, थ्रीडी प्रजेंटेशन में मिलेगी अंतिम मंजूरी
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की राह अभी आसान नहीं है। ओवरब्रिज के लिए अभी अंतिम मंजूरी बाकी है। कुतुबखाना बाजार क्षेत्र के व्यापारियों के ओवरब्रिज का विरोध करने और मेयर का उनको समर्थन मिलने से अधिकारी भी फूंक-फूंककर कदम आगे बढ़ा रहे हैं। विरोध के गूंजते स्वरों को थामने और जनप्रतिनिधियों …
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की राह अभी आसान नहीं है। ओवरब्रिज के लिए अभी अंतिम मंजूरी बाकी है। कुतुबखाना बाजार क्षेत्र के व्यापारियों के ओवरब्रिज का विरोध करने और मेयर का उनको समर्थन मिलने से अधिकारी भी फूंक-फूंककर कदम आगे बढ़ा रहे हैं। विरोध के गूंजते स्वरों को थामने और जनप्रतिनिधियों की ओवरब्रिज निर्माण कराने को लेकर मंजूरी लेने के लिए मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद कुतुबखाना ओवरब्रिज की थ्रीडी पावर प्रजेंटेशन बनवा रहे हैं।
ये प्रजेंटेशन केंद्रीय मंत्री संतोष कुमार, सांसद, शहर व कैंट विधायक, मेयर समेत अन्य जनप्रतनिधियों को दिखाई जाएगी। कुतुबखाना क्षेत्र के कुछ व्यापारियों को भी प्रजेंटेशन दिखाने के लिए बैठाया जाएगा। इसके बाद उसी बैठक में जनप्रतिनिधियों की ओवरब्रिज बनाने को लेकर मंजूरी ली जाएगी, ताकि ओवरब्रिज बनाने के दौरान सेतु निगम को किसी प्रकार का विरोध झेलना न पड़े।
मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने बताया कि थ्रीडी प्रजेंटेशन में ओवरब्रिज का निर्माण कराने, ओवरब्रिज तैयार होने के दौरान उसके नीचे रात्रि बाजार लगने, लाइटिंग समेत अन्य चीजें भी दिखाई जाएंगी। ओवरब्रिज कुतुबखाना चौराहे से कोहाड़ापीर मार्ग पर नैनीताल या प्रेमनगर रोड पर कहां तक उतरेगा, इसकी जानकारी दी जाएगी।
मंडलायुक्त ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण में स्मार्ट सिटी से 100 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इस धनराशि से ओवरब्रिज निर्माण के साथ व्यापारियों को रात्रि बाजार की व्यवस्था भी कराई जाएगी। प्रजेंटेशन दिखाकर जनप्रतिनिधियों की मंजूरी लेकर ही ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। बता दें कि ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए सेतु निगम जोरशोर से लगा है।
व्यापारियों ने भी विरोध तेज कर दिया है। मेयर डा.उमेश गौतम भी व्यापारियों के समर्थन में ओवरब्रिज निर्माण रोकने के लिए उतरे हुए हैं। ऐसी स्थिति में व्यापारी वर्ग के साथ जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए थ्रीडी प्रजेंटेशन बनवाया जा रहा है।
