लखनऊ: अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार चौथे दिन भी जारी, 312 मकान हुए जमींदोज

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

अकबरनगर प्रथम में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू, नौ क्लस्टर में तोड़े जाएंगे मकान

अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अकबरनगर में एलडीए की ओर से अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में अभी तक अकबरनगर द्वितीय में कुल 312 मकानों को जमींदोज कर दिया गया है। साथ ही ध्वस्तीकरण कार्रवाई की जद में 2 मस्जिद, 2 मदरसे और 1 स्कूल भी आ रहे हैं, जिन्हें तोड़ा जाना है। अब एलडीए ने अकबरनगर प्रथम में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं अकबरनगर से विस्थापित लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों में शिफ्ट भी किया जा रहा है। बता दें कि अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर 12 बड़ी पोकलेन मशीन, 9 जेसीबी मशीन, 15 वाटर टैंकर लगाए गए हैं। इसके अलावा मौके पर भारी पुलिस बल के साथ PAC-RAF की 8 कंपनियां भी तैनात हैं। वहीं एलडीए उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत पुलिस के कई आलाधिकारी भी लगातार मौजूद हैं।

अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार चौथे दिन भी जारी (1)

अकबरनगर में ध्वस्तीकरण कार्रवाई के पहले दिन कुल 45 अवैध मकानों को जमींदोज किया गया था। इस दौरान 6 पोकलेन मशीनें और 16 बुलडोजर से घर ढहाने का काम शुरू किया गया था। इसके बाद दूसरे दिन करीब 8 घंटे की कार्रवाई में 105 मकानों को तोड़ा गया। इस दौरान एक जेसीबी पलट भी गया। वहीं बुधवार को तीसरे दिन सुबह 7 बजे से रात करीब 7.30 बजे तक 162 घरों को तोड़ा गया। इस दौरान 6 मशीनें भी खराब हुईं। 

Akbarnagar, demolition action (4)

मकान खाली करने का अनाउंसमेंट करने गए अधिकारियों से उलझीं महिलाएं

बुधवार को एलडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त और डीसीपी सेंट्रल फोर्स के साथ शाम तक मकान खाली करने का अनाउंसमेंट करने पहुंचे थे। कुछ महिलाओं ने बसंतकुंज योजना में आवंटित मकान छोटे होने और सुविधाएं न होने का दुखड़ा रोया, कुछ ने सुविधाओं के बाद विस्थापित करने का अनुरोध किया और कुछ आक्रोशित होकर हंगामा करने लगीं। महिलाओं की अफसरों से नोकझोंक और पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। समझाने पर एक महिला नहीं मानी तो उसे थाने भेज दिया गया। उसे जीप में बैठाने में महिला सिपाही घायल हो गई।

एक महिला काे थाने ले गई पुलिस, जीप में फंसकर सिपाही की उंगली कटी

महिलाओं ने बसंतकुंज में मिले शहरी आवास में बिजली, पानी समेत अन्य इंतजाम न होना बताकर मकान खाली करने का विरोध किया। कुछ महिलाओं ने अफसरों से नोकझोंक की। उन्हें पुलिस कर्मियों ने पकड़ा तो धक्का-मुक्की की। उपाध्यक्ष के काफी समझाने पर एक महिला नहीं मानी तो पुलिस ने घसीट कर उसे जीप में बैठाया और महानगर थाने ले गई। जीप का गेट बंद करते समय एक महिला सिपाही की अंगुली फंस कर कट गई। काफी खून बहने पर उसे अस्पताल ले गए। उपचार के बाद उसे आराम के लिए ड्यूटी से मुक्त कर दिया।

Akbarnagar, demolition action (3)

पहले बाहर, फिर अंदर तीन गलियों में तोड़ेंगे मकान

प्रथम क्षेत्र में रोड पर बने दुकान, मकान, शोरूम बुलडोजर से तोड़ा जाएगा। यहां से मोहल्ले के अंदर जाने का रास्ता बनाकर पोकलेन जाएगी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई क्लस्टर वार होगी। पूरा क्षेत्र गलियों के हिसाब से नौ क्लस्टर में बांटा है। पहले दिन एक क्लस्टर में तीन गलियाें के मकान दो शिफ्ट में तोड़े जाएंगे। इसके बाद दो-दो गली में बुलडोजर चलेगा।

उपद्रव की आशंका, निपटने को फोर्स तैयार

अकबर नगर प्रथम में पूर्व की घटनाओं को देखते वह रास्ते बैरीकेडिंग से बंद किए गए जहां से बवाल हुआ था और आशंका है। वहां पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस ने ध्वस्तीकरण वाले स्थान को चारों तरफ से बैरीकेडिंग कर घेराबंदी की गई है। साथ ही तीनों गलियों में छह से सात मकान छोड़कर पुलिस, पीएसी के साथ आरएएफ तैनात किया है। इस तरह से 600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। अकबर द्वितीय क्षेत्र धराशायी होने से यहां से किसी तरह का खतरा नहीं है। इसलिए पूरा फोकस प्रथम क्षेत्र में रहेगा।

अन्य जिलों से मंगाई 10 से ज्यादा पोकलेन

अकबर नगर प्रथम क्षेत्र काफी बड़ा है। इसलिए यहां कार्रवाई में समय लगेगा। जो जल्द निपटाने के लिए एडीएम ने प्रयागराज, कानपुर, बहराइच व अन्य आसपास जिलों के प्राधिकरण, नगर निगम, नगर पंचायत से 10 ज्यादा पोकलेन मंगाई है। जबकि कार्रवाई में 12 पोकलेन पहले से कार्रवाई में लगी हैं।

नगर निगम के वाहनों से नए भवन में शिफ्ट किया जा रहा आवंटियों के सामान

बता दें कि अकबरनगर के निवासियों को विस्थापित करते हुए एलडीए की ओर से हरदोई रोड स्थित वसंत कुंज में बने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के मुताबिक अकबरनगर के 1800 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए हैं। सभी लोगों को आवंटन पत्र भी दिया जा चुका है और अभी तक कुल 788 आवंटियों को मकान पर कब्जा दिया जा चुका है। वहीं सभी आवंटियों के सामानों को नगर निगम के वाहनों से नए भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। इसको लेकर कुल 53 लोडर गाड़ियां लगाई गई हैं।

ये भी पढ़ें:- बहराइच: दरवाजा तोड़कर मकान में चोरी, एक लाख नकदी समेत अन्य सामान भी उठा ले गए चोर

संबंधित समाचार