Kanpur News: एसएनके के स्टॉक का मिलान करने में उलझी टीम...करोड़ों रुपये की कर अपवंचना का हो सकता है खुलासा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

शुक्रवार को शुरू हुई छापेमारी में 70 अधिकारियों ने खंगाले अभिलेख

कानपुर, अमृत विचार। एसएनके ग्रुप पर छापेमारी करने वाली सीजीएसटी टीम कंपनी के स्टॉक के ब्योरों में उलझ गई है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार स्टॉक और आंकड़ों के बिखराव के कारण मिलान कठिन हो रहा है। अभी स्टॉक का आकलन करने के लिए दो दिन से 70 टीमें जुटी हुई हैं। अनुमान है कि करोड़ों रुपये की कर अपवंचना का खुलासा हो सकता है। 

सीजीएसटी की डीजीजीआई विंग की सात टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एसएनके पान मसाला के शहर में अलग-अलग 11 प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। इसमें दिल्ली, लखनऊ से आए 70 से अधिक अफसर शामिल थे। सूत्रों के अनुसार रविवार भोर तक कार्रवाई जारी रही। पनकी स्थित कारोबारी की दो फैक्ट्री, स्वरूप नगर में आवास के अलावा कारोबारी के भाई की पनकी में पान मसाला का रैपर तैयार करने वाली दो फैक्ट्री पर भी कार्रवाई की गई थी। 

इसके अलावा नजदीकी रिश्तेदार व कारोबार में सहयोगी के पांडु नगर स्थित आवास पर भी छापा मारा गया था। माल भेजने और लाने में सहयोग करने वाले ट्रांसपोर्टर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदाम और सुपारी की सप्लाई करने वाले व्यापारी के किदवई नगर स्थित आवास समेत दो ठिकानों पर रविवार सुबह तक जांच होती रही। 

बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की कर अपवंचना सामने आ चुकी है। हांलाकि अधिकारियों की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार छापेमारी में मुखौटा कंपनियां बनाकर खरीद-फरोख्त के साक्ष्य भी टीम को मिले हैं। 

ये भी पढ़ें- कानपुर में यातायात विभाग ने शहर को बचाने के लिए तैयार किया प्लान: अब रिक्शा और ऑटो इसी 30 नए रूट पर चलेंगे

संबंधित समाचार