पूर्व सांसद प्यारे लाल संखवार का निधन, कानपुर और बुंदेलखंड की राजनीति में शोक की लहर
दिल्ली के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस। 13वीं लोकसभा के सदस्य रहे संखवार ने जनता दल और बसपा के टिकट पर विधानसभा व लोकसभा चुनावों में दर्ज की थी जीत।
कानपुर, अमृत विचार। पूर्व सांसद प्यारे लाल संखवार का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से कानपुर और आसपास के राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
13वीं लोकसभा में किया था प्रतिनिधित्व
प्यारे लाल संखवार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर घाटमपुर लोकसभा सीट से निर्वाचित होकर 13वीं लोकसभा के सदस्य बने थे। उस समय घाटमपुर लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी।
1.png)
विधानसभा चुनावों में भी दर्ज की थी जीत
लोकसभा पहुंचने से पहले उन्होंने जनता दल के टिकट पर 1989 और 1991 में कानपुर देहात की भोगनीपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक के रूप में भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
इसके बाद वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ते हुए भाजपा की उम्मीदवार कमल रानी वरुण को करीब 500 मतों के अंतर से पराजित किया था।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
पूर्व सांसद के निधन पर सांसद देवेंद्र सिंह भोले, सांसद रमेश अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
