Bareilly : सीएम योगी दिखाएंगे 60 आधुनिक सफाई वाहनों को झंडी
डोर-टू-डोर चार अलग-अलग श्रेणियों में घर-घर से उठेगा कूड़ा, नगर निगम की स्वच्छता में नंबर वन आने की तैयारी पर फोकस
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली के विकास को नई रफ्तार देते हुए नगर निगम के 60 आधुनिक सफाई वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए इन वाहनों से डोर-टू-डोर चार अलग-अलग श्रेणियों में घर-घर से कूड़ा उठेगा। स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में 20वीं रैंक हासिल करने के बाद बरेली को नंबर वन बनाने की दिशा में ये कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नगर निगम के बेड़े में 12.94 करोड़ रुपये की लागत से 6 रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें भी शामिल हैं, जो संकरी गलियों में बिना मानवीय हस्तक्षेप के 360 डिग्री सफाई करेंगी। इसमें कैमरे और हानिकारक गैस सेंसर लगे हैं, जो सफाईकर्मियों को जोखिम से बचाएंगे। इसके साथ ही, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026 के तहत 3.03 करोड़ रुपये के 50 नए सीएनजी ऑटो टिपर भी बेड़े में शामिल किए गए हैं, जो घर-घर जाकर गीला, सूखा, सैनिटरी और स्पेशल केयर सहित चार अलग-अलग श्रेणियों में कचरा उठाएंगे। इसके अलावा नाला सफाई कार्य को गति देने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत 64.91 लाख रुपये की लागत से दो नई बैकहो लोडर (जेसीबी) मशीनें खरीदी गई हैं। वहीं, नालों से निकलने वाली सिल्ट (कीचड़) को माइक्रो लेवल पर तुरंत उठाने के लिए 15वें वित्त आयोग के बजट से 61 लाख रुपये की लागत के दो विशेष स्किड लोडर भी इस काफिले का हिस्सा बने हैं।
